
हाथरस 17 मई । हाथरस की बेटी ट्विशा शर्मा की भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद न्याय की मांग को लेकर रविवार को शहर में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। ट्विशा शर्मा की स्मृति में आयोजित इस मार्च में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कैंडल मार्च डीआरबी कॉलेज परिसर, आगरा रोड से प्रारंभ होकर चावड़ गेट चौराहा पर संपन्न हुआ।
बताया जाता है कि सदर कोतवाली क्षेत्र की बिछुआ गली निवासी नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के कटारा हिल्स निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई की रात परिजनों को उनकी मृत्यु की सूचना मिली। अगले दिन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भोपाल (AIIMS Bhopal) पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने शव पर गले, कान और चेहरे पर चोट के निशान देखे, जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताई। परिजनों के अनुसार प्रारंभ में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके विरोध में स्वजन महिला थाने और बाद में कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। लगातार विरोध के बाद गुरुवार रात पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद परिजनों ने भोपाल में ही ट्विशा का अंतिम संस्कार किया और अब न्याय के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखे हुए हैं। मृतका के परिजनों ने मांग की है कि ट्विशा का पोस्टमार्टम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली (AIIMS Delhi) में कराया जाए तथा आरोपी पति समर्थ सिंह को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ट्विशा के रिश्तेदार मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं और शव शीघ्र लेने का दबाव बनाया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि परिवार न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।


























