
हाथरस 17 मई । पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में शनिवार को प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट के नेतृत्व में थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में थाना हाथरस गेट पर नियुक्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्वच्छता अभियान के दौरान थाना कार्यालय एवं थाना परिसर के साथ-साथ गांधी तिराहा और बागला रोड पर पशु-पक्षियों के लिए स्थापित पानी की टंकियों की सफाई कर उनमें स्वच्छ पानी भरा गया। इसके अतिरिक्त थाना परिसर के अंदर और बाहर खाली स्थानों पर उगी घास की कटाई की गई तथा इधर-उधर फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया गया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह संदेश दिया कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। थाना हाथरस गेट पुलिस का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है


























