
हाथरस 01 जुलाई। मथुरा-बरेली हाईवे पर आज शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बाइक सवार व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, क्योंकि मृतक अपने बेटे की शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान नवल नगर निवासी मदन मुरारी दीक्षित पुत्र हर प्रसाद के रूप में हुई है। वह हाथरस में इगलास रोड पर बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करते थे और मूल रूप से गांव टुकसान के निवासी थे। बताया जा रहा है कि उनके बेटे का विवाह 6 जुलाई 2026 को होना है। शादी की तैयारियों के बीच वह निमंत्रण पत्र वितरित कर अपने परिवार के सदस्य योगेश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव टुकसान के पास मथुरा-बरेली हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मदन मुरारी दीक्षित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, योगेश की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटे की शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि मदन मुरारी दीक्षित अपने पीछे दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाकर दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











