
हाथरस 01 जुलाई । जनपद में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ने छह अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस के अनुसार थाना हाथरस गेट में पंजीकृत मु.अ.सं. 269/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 191(2), 191(3), 109(1), 126(2), 351(2), 352, 125, 7 सीएलए एक्ट तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि मुकदमे में नामजद छह अभियुक्त घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से भी उनकी तलाश की जा रही है। बावजूद इसके अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक अभियुक्त पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनामी घोषित अभियुक्तों में मोना ठाकुर, शानू, अनुज, हेमू ठाकुर, अंकित और जितेंद्र शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा हाथरस पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार घोषित पुरस्कार की धनराशि प्रदान की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है तथा फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Next News :-हाथरस की नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











