Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 03 जून । क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने गांव मढ़ाका और खोंडा के मध्य खेतों में लगे छह किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए सबमर्सिबल मोटरों में लगी कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली। घटना से किसानों में रोष व्याप्त है और उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। जानकारी के अनुसार चोरों ने बिजली आपूर्ति बंद होने का लाभ उठाते हुए खेतों में लगे नलकूपों से केबल काट ली। चोरी का शिकार होने वाले किसानों में गांव खोंडा निवासी रामवीर सिंह एवं जितेंद्र सिंह तथा गांव मढ़ाका निवासी डॉ. विनोद कुमार, चंद्र दत्त गौतम, प्रेमवीर सिंह और देवलाल शामिल हैं। पीड़ित किसानों ने बताया कि उनके नलकूपों से लगभग 30 से 40 मीटर तक की कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली गई है। केबल चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ फसलों की सिंचाई को लेकर भी चिंता सताने लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद किसानों ने कोतवाली सहपऊ पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और जल्द कार्रवाई की मांग की। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हो गई है। पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और खेतों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page