
सासनी 26 मई । अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एस.के. भगत द्वारा थाना सासनी का आकस्मिक निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया। थाना परिसर में आगमन पर गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रमानंद कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, मैस एवं थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनता से संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन एवं मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों एवं प्राथमिकताओं की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति, जनसुनवाई, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, बीट पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार एवं शस्त्रों की साफ-सफाई तथा रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लिया गया। थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती एवं अन्य वाहनों के उचित रखरखाव, शीघ्र नीलामी प्रक्रिया कराने तथा परिसर की साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त एडीजी ने मुख्यालय स्तर से संचालित “यक्ष एप” पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण फीडिंग सुनिश्चित करने तथा मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत एस.के. भगत द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन, मेहनत एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रेरित किया। साइकिल प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उनके अभिभावकों ने पुलिस विभाग के इस संवेदनशील प्रयास की सराहना की।


























