Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 22 अगस्त। क्षेत्र के बिसावर स्थित एसबीजे इंटर कॉलेज में आज को माध्यमिक विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के छह विद्यालयों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन से पूर्व विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एकमतेज फाउंडेशन के संस्थापक तेजवीर सिंह और प्रभारी प्रधानाचार्य रामचरन सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में मेजबान एसबीजे इंटर कॉलेज बिसावर के अलावा सादाबाद इंटर कॉलेज, कुरसंडा इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज सहपऊ, एमएल इंटर कॉलेज सहपऊ और कर्ण सिंह जनता इंटर कॉलेज तसींगा की कबड्डी टीमों ने भाग लिया। विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी फुर्ती, दमखम और रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन दांव-पेंच और रेड को देखकर साथी खिलाड़ियों तथा विद्यालय के विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजकों के अनुसार, विद्यालय स्तर पर ऐसी खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये आयोजन उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में भी सहायक होते हैं। सभी खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसबीजे इंटर कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का पूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। शिक्षकों ने प्रतियोगिता को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पीटीआई सत्यपाल सिंह ने खेल के नियमों का पालन छात्रों से कराया। प्रतियोगिता में भाग लेने आए विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों और शिक्षकों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान खेल मैदान में काफी चहल-पहल रही और विद्यार्थियों ने कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page