Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 17 जुलाई। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद द्वारा देशभर के लाखों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हाथरस के सांसद अनूप प्रधान के प्रतिनिधि राजेश गुड्डू से मुलाकात कर माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित एक राष्ट्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1 सितंबर 2025 को दिए गए आदेश के अनुसार सभी शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य किए जाने के बाद देश और प्रदेश के लाखों ऐसे अनुभवी शिक्षकों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, जो दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संगठन का कहना है कि इस व्यवस्था के कारण अनेक शिक्षकों के समक्ष सेवा समाप्ति और आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि जिन शिक्षकों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष देश के नौनिहालों के भविष्य निर्माण और राष्ट्र निर्माण में समर्पित किए हैं, उन्हें सेवा के इस चरण में पात्रता परीक्षा के नाम पर नौकरी से वंचित करना पूरी तरह अमानवीय और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संसद के माध्यम से आवश्यक वैधानिक संशोधन करे अथवा अध्यादेश लाकर इन-सर्विस शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त किया जाए। साथ ही वर्षों के शिक्षण अनुभव को ही उनकी पात्रता का आधार माना जाए, ताकि उनके सम्मान, सेवा सुरक्षा और आजीविका पर कोई संकट न आए।

शिक्षक संघ ने यह भी मांग उठाई कि इस कानूनी असमंजस की आड़ में शिक्षकों के उत्पीड़न तथा नियम-विरुद्ध समायोजन जैसी दमनात्मक कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए। सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस राष्ट्रीय स्तर के ज्ञापन को बिना किसी विलंब के प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री सहित शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, सहपऊ अध्यक्ष अरुण शर्मा, हाथरस अध्यक्ष शशि कुलश्रेष्ठ, सासनी अध्यक्ष संतोष शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष यतेन्द्र पाठक, सादाबाद अध्यक्ष गोविन्द रावत, सासनी मंत्री सचिन शर्मा, नरेश मीणा, प्रभाकर शर्मा, अमित पचौरी, मोहित उपाध्याय, अमित शर्मा, विकाश पौरुष, नितेश वार्ष्णेय, अशोक कुमार शर्मा, कृष्ण कांत कौशिक, राधे श्याम, विनोद कुमार, शैलेन्द्र कुमार, मोनू बंसल, भगवान दास यादव, राघवेंद्र गुप्ता, कुलदीप, गौरव शर्मा, गौरव पचौरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page