
हाथरस 31 अगस्त। साप्ताहिक अवकाश के बाद रविवार को काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ के चलते हाथरस बस स्टैंड पर सुबह से ही नोएडा जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से नोएडा जाने वाली बसें निर्धारित समय से पहले ही सवारियों से भर गईं और एक-एक कर मार्ग के लिए रवाना करनी पड़ीं। हालात यह रहे कि सुबह छह बजे निर्धारित समय से पहले ही करीब छह बसें नोएडा के लिए रवाना हो चुकी थीं, जबकि सामान्य दिनों में इतनी बसें करीब साढ़े आठ बजे तक रवाना होती हैं। डिपो प्रबंधन के अनुसार रात में बस स्टैंड पर खड़ी रहने वाली बसों का संचालन सुबह करीब चार बजे से शुरू होता है और सामान्य तौर पर हर आधे घंटे के अंतराल पर बसें रवाना की जाती हैं। रविवार को नोएडा जाने वाले यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ता रहा, जिसके चलते बसों को समय से पहले ही रवाना करना पड़ा। निर्धारित बसों के निकल जाने के बाद बस स्टैंड पर पहुंचे यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा। जैसे ही नोएडा से कोई बस हाथरस पहुंचती, वह यात्रियों से भरकर रवाना हो जाती। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नोएडा डिपो की ओर से करीब पांच अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया। वहीं हाथरस डिपो द्वारा भी नोएडा के लिए तीन एसी बसें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। दोपहर के समय यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हाथरस डिपो ने नोएडा के लिए दो अतिरिक्त बसें भी लगाईं। परिवहन विभाग को उम्मीद है कि सोमवार सुबह भी दिल्ली और नोएडा जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहेगी, जिसे देखते हुए बस संचालन को लेकर अतिरिक्त व्यवस्था की जा सकती है।













