Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 अगस्त। आशु कवि अनिल बौहरे के 75वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित 14 ‘वंदे मातरम’ कवि सम्मेलनों की श्रृंखला का दूसरा आयोजन 31 अगस्त को काका हाथरसी स्मारक भवन में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। दो सप्ताह तक चलने वाली इस कवि सम्मेलन श्रृंखला में साहित्य, कविता और पत्रकारिता से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष व्यापार फेडरेशन के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि मीनाक्षी शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो पुस्तकों का विमोचन किया गया। इनमें आगरा, हाथरस, मथुरा और अलीगढ़ जनपदों के करीब 350 कवियों की परिचय पुस्तक ‘बधाई है बधाई’ तथा हाथरस के करीब 400 काव्य प्रेमियों की जन्मतिथियों पर आधारित पुस्तक ‘शुभकामनाएं’ शामिल हैं। पुस्तकों के विमोचन को साहित्य प्रेमियों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। आयोजन में आशु कवि अनिल बौहरे के सहयोगी रहे दिवंगत पत्रकारों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान गिर्राज किशोर सोंखिया, छेदेलाल अटल, मुन्ना लाल रावत, कामरेड भगवानदास, लालता प्रसाद जैन, नरेंद्र दीपक, सुरेश चंद्र मिश्र, रमाकांत चतुर्वेदी और रतन गुप्ता सहित दिवंगत पत्रकारों को याद किया गया। अनिल बौहरे ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें क्षेत्र के श्रेष्ठ कलमकार बताया और कहा कि उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में सम्मान भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अनिल बौहरे के 75वें जन्मोत्सव पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। श्रृंखला के आगामी आयोजनों में भी साहित्य, कविता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page