Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई। मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में कार्यरत एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (ADHR) द्वारा एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के शव का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया गया। जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को हाथरस कोतवाली क्षेत्र के तालाब चौराहे से मथुरा रोड की ओर लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस उसे तत्काल बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ने सफेद टी-शर्ट एवं खाकी धारीदार नेकर पहन रखी थी। पुलिस ने नियमानुसार शव को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखा, लेकिन कोई भी परिजन या परिचित सामने नहीं आया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे लावारिस घोषित किया गया। इसके उपरांत कोतवाली पुलिस ने समाजसेवी सुनीत आर्य एवं प्रवीन वार्ष्णेय से शव के अंतिम संस्कार में सहयोग का अनुरोध किया। पुलिस के अनुरोध पर एडीएचआर संस्था की देखरेख में समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में अज्ञात शव का पूरे हिंदू रीति-रिवाज एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्मानपूर्वक दाह संस्कार कराया गया। अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं में एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, समाजसेवी सुनीत आर्य, एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, दीपक, बंटी भाई (कपड़े वाले), नीरज गोयल, तरुण राघव, सत्येंद्र मोहन राही, दीपांशु वार्ष्णेय, हेड कांस्टेबल लज्जाराम वर्मा तथा कांस्टेबल पवन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। समाजसेवियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई मिलना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। एडीएचआर संस्था भविष्य में भी ऐसे अज्ञात एवं निराश्रित लोगों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार सहित मानव सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page