
हाथरस 31 अगस्त। जंक्शन थाना क्षेत्र के कुम्हारों वाले मोहल्ले की वीडियो गली में सोमवार को दिनदहाड़े बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोरों ने महीपाल सिंह जादौन के मकान को निशाना बनाते हुए अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार के सदस्य मंदिर में पूजा करने गए थे और इसी दौरान चोर मकान में दाखिल हो गए। पूजा के बाद जब परिजन वापस लौटे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। शक होने पर परिजनों ने मकान की तलाशी ली तो एक संदिग्ध युवक अंदर छिपा मिला। परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और युवक को पकड़ लिया। परिजनों का दावा है कि उसके पास से चोरी किया गया कुछ सामान भी बरामद हुआ। सूचना मिलने पर जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। दिनदहाड़े चोरी और घर के अंदर ही आरोपी के पकड़े जाने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसएसआई राजेश सरोज ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत समेत अन्य तथ्यों की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।













