
आगरा 25 मई । ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जिप लाइनिंग झूले से गिरकर 15 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा झूले से गिरता दिखाई दे रहा है। यह दिल दहलाने वाला दृश्य वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद झूले का संचालन करने वाली कंपनी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालन करने वाली कंपनी के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना ताजगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


























