
हाथरस 22 अगस्त। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा की ओर से वेद भगवान शोभायात्रा एवं श्री दाऊजी महाराज के मेले से जुड़े आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक 23 अगस्त को आयोजित की जाएगी। संस्था के अनुसार भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी, सोमवार, शुभ संवत 2083 तदनुसार 14 सितंबर को वेद भगवान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। परंपरा के अनुसार श्री दाऊजी महाराज के मेले का शुभारंभ गणेश चतुर्थी से माना जाता है। हालांकि, कुछ विद्वानों का मत है कि पर्व एवं आयोजन की तिथि का निर्धारण उदया तिथि के अनुसार किया जाना चाहिए। इसी विषय को लेकर धर्माचार्यों एवं विद्वानों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों, कार्यकारी सदस्यों, धर्माचार्यों एवं विद्वानों की बैठक 23 अगस्त रविवार को दोपहर 2:30 बजे संस्था के कार्यालय ‘फौजी भवन’, नवल नगर में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ करेंगे। बैठक में श्री वेद भगवान की शोभायात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही गत वर्षों के आयोजन का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा तथा वेद भगवान शोभायात्रा महोत्सव के सभापति के चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। सभा से जुड़े पदाधिकारियों ने धर्माचार्यों एवं विद्वानों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव देने का आह्वान किया है, ताकि परंपरा एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप शोभायात्रा के आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप दिया जा सके।













