
हाथरस 21 अगस्त। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र रामेन्द्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए चार माह का सामूहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के तहत कम्प्यूटर (बेसिक) एवं ब्यूटीशियन ट्रेड में युवाओं को कौशल एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए हाथरस जनपद के पात्र युवक-युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी msme.up.gov.in पर आवेदन पत्र अपलोड कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच, हाथरस जनपद का मूल निवासी तथा न्यूनतम 8वीं पास होना आवश्यक है। आवेदक के पास अनुसूचित जाति अथवा जनजाति का प्रमाण पत्र होना चाहिए तथा उसने पूर्व में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र से किसी ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त न किया हो। प्रशिक्षण के दौरान नियमानुसार जलपान एवं यात्रा हेतु मानदेय भी दिया जाएगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, रावत नगर कॉलोनी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।













