
हाथरस 22 अगस्त। आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। आयुष्मान कार्ड में दर्ज चार प्रकार की विसंगतियों को अब जनपद स्तर पर ही दूर किया जा सकेगा। इसके लिए लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से अन्य स्तरों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। आयुष्मान कार्ड धारक अपने क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर जाकर कार्ड में दर्ज पिता के नाम, उम्र, जन्म तिथि एवं पते से संबंधित विसंगतियों को ठीक करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस सुविधा से आयुष्मान कार्ड धारकों को अपने दस्तावेजों में दर्ज त्रुटियों को सुधारने में सहूलियत मिलेगी। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि यदि उनके आयुष्मान कार्ड में उक्त चार में से किसी भी विवरण में गलती है, तो वे अपने संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर उसे ठीक करा लें। इस व्यवस्था का उद्देश्य आयुष्मान कार्ड धारकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को कम करना और दस्तावेजों में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया को आसान बनाना है।













