Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

सिकन्दराराऊ 01 नवंबर। क्षेत्र के पोरा बाजार में सोनी ज्वेलर्स की दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी का संदेह होने पर दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुकान संचालक मुकेश सोनी के मुताबिक, दोनों महिलाएं पिछले कुछ समय से उनकी दुकान पर आ रही थीं। 18 अक्टूबर को वे बुर्का पहनकर दुकान पहुंची थीं, जबकि 25 अक्टूबर को उनमें से एक महिला साड़ी पहनकर आई थी। दुकान पर पहुंचने के बाद महिलाएं पहले सोने-चांदी के भाव पूछती थीं और फिर कानों के झुमके, पायल, चेन, तोड़िया तथा अंगूठियां दिखाने को कहती थीं।

मुकेश सोनी के अनुसार, महिलाएं काफी देर तक आभूषण देखती थीं और उनमें कोई न कोई कमी निकालने के बाद बिना खरीदारी किए दुकान से चली जाती थीं। इसी दौरान उन पर कथित रूप से आभूषण चोरी करने का आरोप है। दुकानदार ने बताया कि दोनों महिलाएं बाजार की अन्य सुनारों की दुकानों पर भी इसी तरह पहुंचती थीं। दुकान से आभूषण कम होने की जानकारी मिलने पर मुकेश सोनी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों महिलाएं कथित तौर पर आभूषण चोरी करती दिखाई दीं। रविवार को दोनों महिलाएं एक बार फिर बुर्का पहनकर दुकान पहुंचीं और आभूषण देखने लगीं। दुकानदार ने उन्हें पहचान लिया और बैठाकर पुलिस को सूचना दे दी।

शुरुआत में महिलाओं ने चोरी की बात से इनकार किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने और सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने के बाद उन्होंने कथित तौर पर चोरी की बात स्वीकार की। दुकानदार के मुताबिक, दुकान से तीन जोड़ी पायल और एक जोड़ी झाले चोरी हुए हैं। महिलाओं ने बताया कि वे आभूषण बेच चुकी हैं और उन्हें वापस करने से इनकार कर दिया। बाद में रुपये देने की बात कहकर टालती रहीं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं को अपने साथ ले गई। दुकानदार मुकेश सोनी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के अनुसार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page