सिकन्दराराऊ (पुरदिलनगर) 01 नवंबर। कस्बे में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 29 अक्टूबर की शाम बिजलीघर परिसर में कुछ लोगों ने एक युवक के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल युवक ने कोतवाली सिकंदराराऊ में शिकायत देकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मोहल्ला ब्रह्मानपुरी निवासी पवन के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे वह पुरदिलनगर बिजलीघर परिसर में बैठा हुआ था। इसी दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। पवन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और फिर लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की गई।
पवन का कहना है कि मारपीट में उसके सिर पर चोट लगी, जिससे खून बहने लगा। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। उसने शिकायत में घटना के बाद जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।
घटना के संबंध में पवन ने कोतवाली सिकंदराराऊ में शिकायत देकर पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।










