
हाथरस 17 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने भेंट कर हाथरस विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान विधायक अंजुला सिंह माहौर ने सर्वप्रथम प्रदेश के सुप्रसिद्ध एवं राजकीय 115वें श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेले के उद्घाटन हेतु माननीय मुख्यमंत्री से आगामी 17 सितंबर को मुख्य अतिथि के रूप में पधारकर मेले का शुभारंभ करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने हाथरस जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि वर्तमान में जनपद में तीन क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्किल संचालित हैं, जबकि जिले में चार तहसीलें हैं। ऐसे में प्रत्येक तहसील के अनुरूप चार क्षेत्राधिकारी सर्किल होना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से एक अतिरिक्त सीओ सर्किल स्वीकृत करने का अनुरोध किया। विधायक ने हाथरस में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। साथ ही शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित रिंग रोड को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया, जिससे नगरवासियों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने हाथरस में आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण, सासनी ब्लॉक में विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय की स्थापना, ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण तथा हाथरस विकास प्राधिकरण के गठन की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों एवं विकास संबंधी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि हाथरस विधानसभा क्षेत्र के सभी लंबित विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके और जनता को इसका लाभ प्राप्त हो।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













