
हाथरस 16 जुलाई। शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दूध पीने के बाद श्वास नली में दूध चले जाने से एक माह के नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी वैभव ने बताया कि उनका एक माह का बेटा देवांश बुधवार रात मां का दूध पीने के बाद सो गया था। गुरुवार सुबह जब परिजनों ने बच्चे को उठाने का प्रयास किया तो वह अचेत अवस्था में मिला। शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर घर में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए अलीगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। वहां तैनात चिकित्सक ने बच्चे का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार आशंका है कि दूध पीने के बाद दूध श्वास नली में चला गया, जिससे बच्चे की सांस रुक गई। यह सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ देर बाद परिजन नवजात के शव को लेकर घर लौट आए। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदार और पड़ोसी भी घर पहुंच गए। इस दर्दनाक घटना से सभी स्तब्ध नजर आए। चिकित्सकों ने बताया कि नवजात शिशु को दूध पिलाने के बाद डकार दिलाना बेहद जरूरी होता है। दूध पिलाने के तुरंत बाद बच्चे को सीधा पीठ के बल नहीं लिटाना चाहिए। दूध श्वास नली में जाने से एस्पिरेशन की स्थिति बन सकती है, जो कई बार जानलेवा साबित हो सकती है।









