Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 अगस्त। सदर कोतवाली क्षेत्र के गिजरौली में रविवार दोपहर इंडक्शन चूल्हे बेचने पहुंचे सेल्समैनों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि सेल्समैनों ने महिलाओं को पांच इंडक्शन चूल्हे करीब 14 हजार रुपये में बेचे। बाद में परिजनों ने कीमत अधिक बताते हुए चूल्हे वापस लेकर पैसे लौटाने की मांग की। जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक सेल्समैन के रूप में गिजरौली क्षेत्र में इंडक्शन चूल्हे बेच रहे थे। महिलाओं ने चूल्हों की कीमत पूछी तो पांच चूल्हों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई। मोलभाव के बाद सौदा लगभग 14 हजार रुपये में तय हुआ और महिलाओं ने चूल्हे खरीद लिए।

कुछ समय बाद महिलाओं के परिजनों को खरीदारी की जानकारी हुई तो उन्होंने कीमत को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद परिजन सेल्समैनों की तलाश में निकल पड़े। लोगों के अनुसार, सेल्समैन लक्ष्मी नगर स्थित विजयनगर चौराहे के पास मिल गए। इस दौरान दो युवक मौके से चले गए, जबकि एक युवक को लोगों ने रोक लिया। स्थानीय लोगों ने युवक से चूल्हे वापस लेने और भुगतान की रकम लौटाने की मांग की। आरोप है कि युवक ने रकम वापस किए जाने का दावा करते हुए चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट दिखाए। हालांकि, लोगों का कहना है कि बैंक खाते चेक करने पर उनके खातों में कोई रकम नहीं पहुंची थी। इसके बाद ट्रांजैक्शन स्क्रीनशॉट को लेकर सवाल उठे और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। पकड़े गए युवक ने खुद को अलीगढ़ निवासी बताया। इसके बाद स्थानीय लोग उसे अपने साथ ले गए और मामले की जांच कराने की बात कही। वहीं, इस मामले में सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राघव ने बताया कि पुलिस को फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page