Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा गांव हबीबपुर के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के नगला सुखा निवासी विशाल पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विशाल अपने भाई की ससुराल कासगंज गया था। शनिवार रात वह बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में गांव हबीबपुर के निकट अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विशाल की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। रविवार सुबह पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त विशाल के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, विशाल अविवाहित था और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार के लोगों ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ अपने भविष्य को लेकर काफी गंभीर था और एक होनहार युवक था। विशाल की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page