
हाथरस 16 जुलाई। क्षेत्र के गांव बिसाना में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में साढ़े चार माह के मासूम की मौत हो गई। आज तड़के बिस्तर पर सोते समय सांप के डसने से हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। गांव बिसाना निवासी नीरज ने बताया कि बुधवार रात उनका बेटा करन घर में बेड पर सो रहा था। तड़के करीब 3 बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो बच्चे के नजदीक से एक सांप निकलकर जा रहा था। यह देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए लेकर निकले। पहले उसे सादाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर हाथरस जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने बच्चे का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक द्वारा मासूम की मौत की जानकारी देते ही परिजन बेसुध हो गए। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ देर अस्पताल में शव रखने के बाद परिजन मासूम के शव को लेकर गांव लौट आए। बच्चे की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सांप-बिच्छू निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। आशंका जताई जा रही है कि नमी के कारण सांप घर में घुस आया होगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में समय बर्बाद किए बिना तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें। समय पर एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) उपलब्ध होने पर सर्पदंश पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।









