सादाबाद 30 मई । कजरौठी क्षेत्र के गांव पोदा में शुक्रवार रात तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के दौरान एक मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान के कमरे की पक्की छत भरभराकर ढह गई। गनीमत रही कि परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित गृहस्वामी संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने परिवार और तीन छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रहे थे। अचानक मौसम बदला और कड़कड़ाहट के साथ आसमानी बिजली सीधे उनके मकान की छत पर गिरी। संजय कुमार के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि मानो किसी ने घर के ठीक ऊपर कोई बड़ा बम फोड़ दिया हो। बिजली गिरते ही चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया और छत का मलबा नीचे आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे से घर में सो रहे छोटे बच्चे बुरी तरह डर गए और चीखने-चिल्लाने लगे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घबराए हुए परिवार को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित संजय कुमार अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। उनकी सीमित आय के कारण परिवार का गुजारा पहले से ही मुश्किल से हो रहा था। इस प्राकृतिक आपदा ने उनके सिर से छत छीन ली है और उनके पास मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं। इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बावजूद, शनिवार दोपहर तक शासन या प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर पीड़ित परिवार का हाल जानने या नुकसान का मुआयना करने नहीं पहुंचा। प्रशासनिक बेरुखी को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। इस संबंध में तहसीलदार हेमंत चौधरी ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे शीघ्र ही राजस्व विभाग की एक विशेष टीम को मौके पर भेजेंगे। टीम द्वारा घटना स्थल का गहन मुआयना कराया जाएगा।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








