सादाबाद 30 मई । कस्बे में राष्ट्रीय जनगणना कार्यक्रम-2027 के प्रथम चरण के तहत सादाबाद नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 की टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया है। इस टीम ने 30 दिन में पूरा किए जाने वाले जनगणना कार्य को मात्र 9 दिनों में संपन्न कर जिले में एक मिसाल कायम की है। इसमें मकानों का सूचीकरण, उन पर नंबर अंकित करना और घर-घर जाकर परिवारों से जानकारी एकत्र कर डिजिटल गणना का कार्य निर्धारित समय से काफी पहले पूरा कर लिया गया।
राष्ट्रीय जनगणना कार्यक्रम का प्रथम चरण 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा। इस चरण में प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जा रहा है, मकानों पर क्रमांक अंकित किए जा रहे हैं और घर के मुखिया से 34 बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त कर डिजिटल माध्यम से आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं। सादाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में इस कार्य के लिए कुल 74 प्रगणक और 12 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वार्ड नंबर-1 में सुपरवाइजर अमरीश अग्रवाल के नेतृत्व में सात प्रगणकों की एक टीम को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस टीम ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया और लगभग 1200 मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। टीम की इस उपलब्धि से नगर पंचायत प्रशासन में भी उत्साह का माहौल है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सुपरवाइजर अमरीश अग्रवाल और सभी सातों प्रगणक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी पूरी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा किया है। विकास जैन ने यह भी बताया कि उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किए जाने की संस्तुति की जाएगी। राष्ट्रीय कार्यक्रम में सादाबाद की इस टीम द्वारा प्रदर्शित कार्यकुशलता और समर्पण को प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सराहा है।






















