
हाथरस 15 जुलाई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जनपद के औद्योगिक विकास और स्थानीय उद्यमियों के हितों को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में सलेमपुर-2 औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटित किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि हाथरस लंबे समय से प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र रहा है। यहां सूत, रेडीमेड वस्त्र और अन्य औद्योगिक इकाइयों ने न केवल हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया, बल्कि जनपद की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान औद्योगिक क्षेत्र पूरी तरह आवंटित हो चुका है। ऐसे में नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक स्थानीय उद्यमियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विभिन्न बैठकों और मंचों पर कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक स्थानीय उद्यमियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल सकी है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि सलेमपुर-2 के नए औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट आवंटित किए जाएं। इससे जनपद में नए उद्योग स्थापित होंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और हाथरस के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश संगठन मंत्री सुनील कुमार वर्मा, युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष तरुण पंकज, महामंत्री राम अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, रवि वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, चंदन वार्ष्णेय, गौरव खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
Next News :-हाथरस के 65 विद्यालयों का औचक निरीक्षण, मिड-डे मील और दूध वितरण व्यवस्था मिली संतोषजनक
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








