सादाबाद 30 मई ।कस्बे में करवन नदी को पुनर्जीवित करने का स्थानीय युवाओं का अभियान अब गति पकड़ रहा है। पिछले लगभग एक पखवाड़े से युवाओं की एक टीम नदी की सफाई, सौंदर्याकरण और संरक्षण के लिए लगातार श्रमदान कर रही है। इस पहल को एकमतेज फाउंडेशन का सहयोग मिल रहा है, और वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा भी इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
तीन दिन पहले डॉ. अविन शर्मा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर करवन नदी की खराब स्थिति पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को विभिन्न विभागों की एक संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी का निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में परियोजना निदेशक डीआरडीए राजेश कुमार कुरील, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्र मोहन और सहायक अभियंता हैदर अली शामिल थे। अधिकारियों ने करवन नदी में फैली गंदगी, जल निकासी व्यवस्था और नालों से नदी में आ रहे दूषित जल का गहन अवलोकन किया। टीम ने नदी के दोनों किनारों और पुल के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। युवाओं की टीम ने अधिकारियों को अपने प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत योजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बिजलीघर मार्ग स्थित मोक्षधाम से लेकर भगत सिंह कॉलोनी के पीछे तक लगभग 1200 मीटर लंबे क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर गंदगी को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही, नदी के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर क्षेत्र को हरित पट्टी के रूप में विकसित करने की योजना है। युवाओं ने भविष्य में सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों के लिए वॉक-वे विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बन सके। अधिकारियों ने युवाओं की कार्ययोजना का अवलोकन किया और आश्वासन दिया कि निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर निर्भय भट्ट, अजरुद्दीन फौजी सहित कई युवा स्वयंसेवक उपस्थित थे।
Next News :-हाथरस के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नील फैक्ट्री में लगी आग, लाखों रुपए के नुकसान की आशंका
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








