Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 जून । कस्बे में आज तड़के तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। लगभग तीन घंटे तक हुई बारिश के कारण नगर की अधिकांश गलियां और सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे जगह जगह गंदगी और जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।

कई स्थानों पर नालियां और नाले उफन गए, जिससे उनकी गंदगी सड़कों पर फैल गई। सुबह घरों से निकले लोगों को जलभराव और कीचड़ के बीच आना जाना करना पड़ा। इस दौरान एक बिजली के खंभे में भी करंट उतरने की सूचना मिली। बारिश का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा जो सुबह दूध लेने, टहलने या दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले थे। गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में जल निकासी की व्यवस्था ठप होने से पानी लंबे समय तक जमा रहा, जिससे नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली। नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। आगरा चुंगी क्षेत्र में लकड़ी की दुकानों के सामने और नीचे पानी भर जाने से दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई दुकानदार समय पर अपनी दुकानें नहीं खोल सके। उन्हें बारिश का पानी और गंदगी हटाने के बाद ही अपना कारोबार शुरू करना पड़ा। बारिश के बाद नालियों और नालों से निकली गंदगी सड़कों पर फैल गई। इससे न केवल दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हुई, बल्कि राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई और नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है। हालांकि, लगातार हो रही भीषण गर्मी के बीच यह बारिश लोगों के लिए राहत लेकर भी आई। तीन घंटे की बरसात के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। बावजूद इसके, जलभराव और गंदगी की समस्या ने नगर पंचायत की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को चेतावनी देकर ठीक प्रकार से सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page