Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 सितम्बर। नगर पंचायत में काम करने वाले आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने अपनी कार्यदायी संस्था पर मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। कर्मचारियों के संगठन ने इस मामले में मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कार्यदायी संस्था ‘ब्लैक इन्फ्राटेक हाई स्योरिंग प्रोमार्ट’ के प्रबंधक को नोटिस देकर 72 घंटे में समस्याओं को सुलझाने का समय दिया है। इसके साथ ही, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को भी एक पत्र दिया गया है। इसमें चेतावनी दी गई है कि अगर हटाए गए सफाई कर्मचारियों को 24 घंटे के अंदर वापस काम पर नहीं लिया गया, तो नगर पंचायत के सफाई कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने अपने नोटिस में बताया है कि आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों के आर्थिक शोषण को लेकर 24 जुलाई 2026 को शिकायत पत्र और 12 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र दिया गया था। संगठन का आरोप है कि अधिकारियों ने अब तक इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही कर्मचारियों को कोई जानकारी दी गई है। इससे कर्मचारियों में गुस्सा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि नगर पंचायत के डोर-टू-डोर सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों के साथ हो रहे मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण को नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर बंद किया जाए। अगर ऐसा नहीं होता है, तो संगठन पीड़ित कर्मचारियों के लिए आगे की कार्रवाई करने को मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। दूसरी तरफ, अधिशासी अधिकारी को दिए पत्र में कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कुछ सफाई कर्मचारियों को बिना किसी नोटिस, लिखित शिकायत या जांच के गलत जानकारी के आधार पर काम से हटा दिया गया है। इससे इन कर्मचारियों के परिवारों के सामने गुजारे और आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। कर्मचारियों ने 1 सितंबर को मिलकर यह फैसला लिया है कि अगर 24 घंटे के भीतर हटाए गए कर्मचारियों को वापस काम पर नहीं लिया गया, तो वे नगर पंचायत सादाबाद के सफाई कार्य का सामूहिक बहिष्कार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page