सादाबाद : मूसलाधार बारिश में भी नहीं कावड़ियों के कदम, झमाझम बारिश के बीच भी सुनाई दी बम भोले की गूंज
सादाबाद 06 अगस्त। आज सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश भी गंगोत्री धाम से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। मध्यप्रदेश के भिंड और मुरैना के साथ ही राजस्थान के सैपऊ, भोला और धौलपुर की ओर जाने वाले हजारों कांवड़िए बारिश के बीच भी “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। कस्बे से गुजर रहे कांवड़ियों के जत्थों में अद्भुत उत्साह देखा गया। जहां एक ओर लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं दूसरी ओर शिवभक्तों के कदम बिना रुके आगे बढ़ते रहे। कांवड़ियों का कहना है कि तेज धूप की तुलना में बारिश के मौसम में यात्रा करना अधिक सहज होता है, जिससे लंबी दूरी तय करने में भी कम परेशानी आती है। भिंड निवासी भक्त ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से लगातार गंगोत्री धाम से कांवड़ लेकर अपने क्षेत्र में जलाभिषेक करने जाते हैं। मुरैना निवासी भक्त ने जानकारी दी कि उनका पूरा जत्था अनुशासन के साथ यात्रा करता है। सभी श्रद्धालु एक साथ रुकते हैं, सामूहिक रूप से भोजन और विश्राम करते हैं, और फिर एक साथ अपनी यात्रा आगे बढ़ाते हैं। कांवड़ियों ने बताया कि वे गंगोत्री धाम, हरिद्वार, राजघाट और अन्य गंगा घाटों से गंगाजल लेकर अपने-अपने गांवों और मंदिरों की ओर जा रहे हैं, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उनके अनुसार, यह यात्रा केवल आस्था ही नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा और सामूहिक एकता का भी प्रतीक है। क्षेत्र में लगातार गुजर रहे कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता, भोजन और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। बारिश के बावजूद भगवा वस्त्रों में सजे शिवभक्त पूरे जोश के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ते नजर आए, जिससे पूरा मार्ग शिवभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।











