Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 24 सितम्बर। सिकन्दराराऊ क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में कार की मांग को लेकर उत्पीड़न और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने के बावजूद ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और पिता द्वारा दिए गए सोने-चांदी के जेवरात भी छीन लिए। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव गढ़िया, थाना सिकंदराराऊ निवासी सपना पुत्री अजब सिंह ने बताया कि उसकी शादी 14 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वेद उर्फ वेदप्रकाश पुत्र महेश चंद्र निवासी नगला प्याली, थाना बरहन, जिला आगरा के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार शादी में उसके पिता ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर, मोटरसाइकिल के अलावा सोने-चांदी के जेवरात भी दहेज में दिए गए थे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद पति वेद उर्फ वेदप्रकाश, ससुर महेश चंद्र, सास गुड्डी देवी समेत वीटू और रेनू दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज में कार की मांग करने लगे। कार की मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते और उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता और भाई ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनकी मांग जारी रही।

सपना ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उसके पिता द्वारा दिए गए सोने-चांदी के जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए। पीड़िता के मुताबिक वह वर्तमान में गर्भवती है। आरोप है कि 12 जुलाई 2026 को ससुरालियों ने उसके पिता की तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे कपड़ों में ही गाड़ी में बैठा लिया। गांव से पहले स्कूल के पास गाड़ी रोककर कथित तौर पर उसे खींचकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। पेट में चोट लगने के बाद उसे तेज दर्द होने लगा। पीड़िता के अनुसार मौके पर मौजूद राहगीर रुपेश और अनीश ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि ससुरालियों ने जाते समय कार की मांग पूरी न होने पर तेल डालकर जान से मारने की धमकी दी। मामले में महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page