Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 21 अगस्त। क्षेत्र के राया मार्ग पर लोकेरा गांव के पास आज को कार नीलगाय से टकरा गई। इस हादसे में नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। वृंदावन निवासी रवेन्द्र यादव अपने परिवार के साथ मानिकपुर में एक गमी में शामिल होने जा रहे थे। उनकी गाड़ी जैसे ही राया मार्ग पर लोकेरा गांव के निकट पहुँची, अचानक खेतों से तेज रफ्तार में एक नीलगाय सड़क पर आ गई।चालक के कुछ समझ पाने से पहले ही नीलगाय कार के सामने आ गई और वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। उन्होंने कार में सवार परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और उनका हालचाल जाना। सभी सुरक्षित पाए गए, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद, परिवार के सदस्य मानिकपुर गमी में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुँची। इसके बाद ऊंचागांव (सुसाइन) चौकी प्रभारी प्रमोद यादव भी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गाड़ी सवार और मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। नीलगाय की मौत की सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर नीलगाय के शव को कब्जे में लिया और नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया। ग्रामीणों ने राया मार्ग पर आवारा पशुओं और वन्यजीवों के कारण होने वाले हादसों पर चिंता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page