Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 24 अगस्त । श्रावण मास के अंतिम आज  मिढ़ावली गांव स्थित प्राचीन सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। यमुना नदी के किनारे और यमुना एक्सप्रेसवे के पार स्थित इस मंदिर में सुबह से ही हजारों भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते रहे। भारी बारिश के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई।

गंगा घाटों से विभिन्न प्रकार की कांवड़ में गंगाजल लेकर आए शिवभक्त कांवड़ियों की भी बड़ी संख्या रही। पैदल कांवड़ लेकर पहुंचने वाले भक्तों के साथ-साथ डाक कांवड़ से आए श्रद्धालुओं ने भी बाबा बनखंडी महादेव का जलाभिषेक किया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगवाई गईं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे। यमुना एक्सप्रेसवे के ऊपर से मंदिर परिसर और आसपास उमड़ी भीड़ का नजारा अद्भुत दिखाई दे रहा था। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी, भाजपा नेता एवं एमडी हॉस्पिटल के चेयरमैन धर्मेंद्र गौतम, सपा नेता प्रेमवीर सिंह सहित अनेक राजनीतिक और सामाजिक लोग भी बाबा बनखंडी महादेव के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page