
हाथरस (मुरसान) 14 अगस्त। सहोदय कॉम्प्लेक्स सीबीएसई के तत्वावधान में सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में भव्य अंतर-विद्यालयीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के प्रमुख सीबीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले में आर. बी. एस. पब्लिक स्कूल, मुरसान के विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज ने द्वितीय तथा ए.बी.जी. गुरुकुलम् ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आर. बी. एस. पब्लिक स्कूल की इस शानदार उपलब्धि पर संस्था के प्रबंधक रजनेश कुमार एवं सोनिया सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेश यादव ने भी विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही कला में निखार आता है। बच्चों ने कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ यह उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा को साबित किया है। बच्चों की मनमोहक और ऊर्जावान प्रस्तुति के पीछे डांस टीचर्स प्रीतू खंडेलवाल और बीनू सिंह की कड़ी मेहनत तथा बेहतरीन कोरियोग्राफी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों कोरियोग्राफर्स के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मंच पर शानदार तालमेल, भाव-भंगिमाओं और ऊर्जा का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। ट्रॉफी और सम्मान के साथ विजेता टीम के विद्यालय लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे स्कूल परिवार और अभिभावकों में खुशी और उत्साह का माहौल है।






