हाथरस 02 अक्टूबर। गांव भोजपुर के पास बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष बबीता अग्रवाल की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बबीता अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कार में उनके साथ मौजूद समिति के सदस्य भानु प्रताप सिंह बाल-बाल बच गए। बताया गया कि बबीता अग्रवाल मथुरा से हाथरस आ रही थीं। भोजपुर के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घटना की सूचना नेशनल हाईवे की एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल बबीता अग्रवाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए मथुरा रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज कुमार शर्मा, विनोद चौधरी समेत कई अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सकों से घायल अध्यक्ष के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उनके परिवार को भी घटना की सूचना दी। उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गड्ढे में गिरी कार को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।





