सासनी 02 अक्टूबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र के एक गांव से शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस युवती की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। तहरीर में युवती के भाई ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को दोपहर करीब तीन बजे उसकी बहन बिना बताए घर से चली गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से मामले की जानकारी जुटाई। आरोप है कि छानबीन के दौरान पता चला कि गांव का ही एक युवक अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पीड़ित परिवार ने युवती की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को तहरीर के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और मामले में नामजद आरोपियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।





