सिकंदराराऊ 17 नवंबर। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक मैरिज होम में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी। टीम के अनुसार, नौरंगाबाद स्थित मुरलीकृष्ण मंगलधाम मैरिज होम में अतिरिक्त केबल डालकर सीधे बाईपास के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। मौके से अवैध केबल जब्त कर परिसर स्वामी के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को गोपनीय सूचना के आधार पर प्रवर्तन दल हाथरस के प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. दुष्यंत शर्मा के नेतृत्व में अवर अभियंता संदीप कुमार और अवर अभियंता पवन कसोधन की संयुक्त टीम ने थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के नौरंगाबाद स्थित मैरिज होम पर औचक चेकिंग की।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि परिसर स्वामी चराग वार्ष्णेय पुत्र स्वर्गीय राजेश कुमार वार्ष्णेय, निवासी नौरंगाबाद, सिकंदराराऊ द्वारा अतिरिक्त केबल डालकर बाईपास के जरिए बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभाग के मुताबिक, इस तरीके से मैरिज होम में एसी, सबमर्सिबल पंप, गीजर और हैलोजन लाइट सहित कुल 40,612 वाट यानी लगभग 41 किलोवाट का विद्युत भार संचालित किया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई और अवैध केबल जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत विद्युत चोरी निरोधक थाना, हाथरस में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सतर्कता टीमों द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।










