हाथरस 02 अक्टूबर। शहर के बागमूला चौराहा गली में गुरुवार रात बाइक सवार तीन युवकों द्वारा महिला से मोबाइल फोन छीनकर भागने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बागमूला चौराहा निवासी अजय चौराहे पर भेलपुरी बेचता है। उसने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी लता घर के चबूतरे पर बैठकर मोबाइल चला रही थी। उस समय बिजली नहीं आ रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और महिला के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। मोबाइल छीने जाने के बाद लता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, लेकिन तब तक बाइक सवार युवक वहां से निकल चुके थे। इसके बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपित युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।





