हाथरस 02 अक्टूबर। कोतवाली सदर क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और ससुर पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला थाने में पति, सास, ससुर समेत अन्य के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी 5 अप्रैल 2024 को अलीगढ़ निवासी युवक के साथ हुई थी। उसी दिन पति, सास, ससुर और मामा उसे कोर्ट मैरिज के लिए लेकर गए थे। विवाह में उसके पिता ने करीब 11.50 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के करीब आठ दिन बाद ही पति और ससुरालीजन 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते थे और कहा जाता था कि दूसरी जगह शादी करने पर 40-50 लाख रुपये मिलते। विवाहिता के अनुसार दिसंबर 2024 में वह गर्भवती हुई और 20 अगस्त 2025 को उसने बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद सास-ससुर उसे अपशब्द कहते हुए मारपीट करने लगे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सास की गैरमौजूदगी में ससुर उसके कमरे में आकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। पीड़िता का कहना है कि उसने इस संबंध में पति से शिकायत की तो पति और सास ने कथित तौर पर कहा कि यदि ससुराल में रहना है तो सब कुछ करना पड़ेगा। तहरीर के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को पति और सास विवाहिता और उसकी बेटी को मारपीट कर रोडवेज बस स्टैंड पर छोड़ गए। आरोप है कि दोनों ने धमकी दी कि 10 लाख रुपये लेकर आना, वरना जान से मारकर नाले में गाड़ देंगे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके शैक्षिक प्रमाण पत्र और स्त्रीधन ससुरालियों ने अपने पास रख लिए। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।





