Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत नगर पंचायत मुरसान में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। बैंड-बाजों के साथ राष्ट्रगान की धुन और देशभक्ति से ओतप्रोत राष्ट्रीय गीतों की गूंज से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगा रैली नगर पंचायत मुरसान की मुख्य गलियों और बाजारों से होकर निकली, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासदगण, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की। रैली के माध्यम से नगर में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से कार्यक्रम भव्य और उत्साहपूर्ण रहा। तिरंगा रैली में अध्यक्ष देशराज सिंह, नामित सभासद अंकित चौधरी, नामित सभासद दिलीप मित्तल, सभासद विष्णु चौधरी, सौनू कुशवाह, मनोज कुमार, राजीव कुमार, हरी किशन सिंह, रवि अग्रवाल, गुलवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page