
हाथरस 03 जून । जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर आयोजित धरना-प्रदर्शन के मामले में भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिशासी अधिकारी की शिकायत के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन (भानू) द्वारा तालाब ओवरब्रिज के नीचे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों के साथ कई समाजसेवी भी शामिल हुए थे। देर रात प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आश्वासन दिए जाने तथा ज्ञापन स्वीकार किए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया था। नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने कोतवाली सदर में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि धरना-प्रदर्शन बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के आयोजित किया गया। शिकायत के अनुसार प्रदर्शन के कारण नगर पालिका की ठेका पार्किंग का संचालन प्रभावित हुआ तथा आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पार्किंग ठेकेदार ने प्रदर्शन के चलते आर्थिक नुकसान होने की मौखिक शिकायत की है। इसी आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह मामला जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और सभी पक्षों के तथ्यों को संकलित किया जा रहा है।

























