सिकंदराराऊ (हसायन) 18 अप्रैल । हाथरस-सिकंदराराऊ राजमार्ग पर स्थित गाँव मोहनपुर के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने अलीगढ़ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस मौत के बाद मृतक के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली हसायन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव जाऊ माजरा (जाऊ इनायतपुर) निवासी शैतान सिंह (पुत्र श्री लीलाधर) बीते 21 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे अपनी मोपेड (विक्की) से सिकंद्राराऊ शहर से घरेलू सामान लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हाथरस रोड पर ग्राम मोहनपुर के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शैतान सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिकंद्राराऊ में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ के ‘श्री जी हॉस्पिटल’ ले गए, जहाँ दो दिनों तक चले संघर्ष के बाद 23 मार्च को उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र जैनेंद्र सिंह ने इस संबंध में हसायन कोतवाली में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। जैनेंद्र सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग की है। इस मामले में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी हसायन गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना कारित करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।


























