Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 अप्रैल । कस्बे के ब्रह्माकुमारीज़ शिव शक्ति भवन में शनिवार को राजयोगी बीके श्याम गोपाल पचौरी (भैया जी) की 15वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने की। उन्होंने भैया जी के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन नियम, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक था। उन्होंने ब्रह्मा बाबा और मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती की शिक्षाओं का पालन करते हुए आध्यात्मिक जीवन को मजबूत आधार दिया।

बीके सीता दीदी ने बताया कि भैया जी ने सादगी, अनुशासन और सेवा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि भैया जी का जीवन आध्यात्मिक दृढ़ता और सेवा भावना का अद्भुत संगम था। उन्होंने युवाओं को संस्कारवान और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी। माउंट आबू से आए बीके सुरेश भाई ने भैया जी के साथ बिताए संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि भैया जी निडर, स्पष्टवादी और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले राजयोगी थे। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर गीता पाठशालाओं और आध्यात्मिक केंद्रों के माध्यम से ईश्वरीय ज्ञान का प्रचार-प्रसार किया। दाऊजी से पधारी बीके सीमा बहन ने कहा कि भैया जी का जीवन सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों को आगे बढ़ने की शक्ति देती हैं। उपस्थित सभी लोगों ने भैया जी के छवि चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीके हरि भाई, पीयूष अग्रवाल, दाऊ अग्रवाल, नवीन पचौरी, निखिल पचौरी, मुन्ना पचौरी, बीके बबीता बहन, मिथिलेश बहन, बीके रश्मि बहन, कमलेश बहन, कविता बहन, समाजसेवी पवन गॉड सहित नगर के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ब्रह्मा भोजन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page