Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अप्रैल । जिले के मुरसान क्षेत्र के अंतर्गत दयालपुर गांव के निकट रेलवे फाटक पर शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। हाथरस से मथुरा की ओर जा रही एक चलती ट्रेन से अचानक गिरने के कारण एक अज्ञात महिला के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। जब ट्रेन दयालपुर रेलवे फाटक के समीप से गुजर रही थी, तभी उक्त महिला असंतुलित होकर नीचे गिर गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। इस भीषण दुर्घटना में महिला के दोनों पैर शरीर से अलग हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव और गहरी चोटों के कारण महिला अचेत अवस्था में है, जिसके चलते वह फिलहाल अपना नाम, पता या परिजनों के बारे में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। हादसे को देख मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एंबुलेंस के जरिए घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि महिला ट्रेन से दुर्घटनावश गिरी या मामला कुछ और है। फिलहाल, अस्पताल में डॉक्टर्स की टीम महिला की जान बचाने के प्रयासों में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page