
हाथरस 18 अप्रैल । मथुरा-बरेली राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते टल गया। टुकसान के पास चलती हुई एक कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे एक परिवार कार द्वारा बरेली से मथुरा की ओर जा रहा था, तभी अचानक वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। कार सवारों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन को रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद धूं-धूं कर जल रही कार पर काबू पाया, हालांकि तब तक कार काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते राहत कार्य शुरू हो गया। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























