
हाथरस 18 अप्रैल । जनपद में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद अब गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आज जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। दोपहर के समय चली गर्म हवाओं (लू) ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। गर्मी का सबसे बुरा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर दिखाई दिया। दोपहर में जब स्कूलों की छुट्टी हुई, तो तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने बच्चों को बेहाल कर दिया। छात्राएं धूप से बचने के लिए सिर पर चुनरी और स्कार्फ बांधकर चलती नजर आईं। सबसे ज्यादा परेशानी उन बच्चों को हुई जो निजी स्कूली वाहनों से घर लौट रहे थे। क्षमता से अधिक बच्चों की भीड़ और ऊपर से आसमान से बरसती आग ने मासूमों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिन भर की भीषण तपिश के बाद शाम करीब 7 बजे मौसम के मिजाज में मामूली बदलाव देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।

कूलर भी हुए फेल, घरों में भी राहत नहीं
बढ़ते पारे का असर सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि घरों के भीतर भी महसूस किया गया। दोपहर के समय उमस और गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों को कूलर के सामने भी राहत नहीं मिल रही थी। बाजारों में भी दोपहर के वक्त सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे।























