Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (पुरदिलनगर) 05 जून । कस्बे में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर नगर पंचायत पुरदिलनगर की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष (चेयरमैन) ने एक सभासद पर अभद्र टिप्पणी कर उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष हर्षकांत कुशवाहा का आरोप है कि वार्ड के सभासद मोहम्मद रजा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अमर्यादित और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया है। चेयरमैन का कहना है कि इस कृत्य से न केवल उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है, बल्कि एक संवैधानिक पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचाई गई है। चेयरमैन हर्षकांत कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त वीडियो के माध्यम से समाज में उनकी और उनकी पार्टी की छवि को जानबूझकर खराब करने का कुत्सित प्रयास किया गया है। आरोप है कि सभासद मोहम्मद रजा ने उन्हें मानसिक आघात पहुंचाने और बदनाम करने की नीयत से ‘भ्रष्टाचारी भेड़िया’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया है, जो सर्वथा असहनीय है। चेयरमैन ने कोतवाली पुलिस से इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर आरोपी सभासद के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग की है। वहीं, इस मामले के बाद से कस्बे के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page