
अलीगढ़ 22 जुलाई। इगलास थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में मंगलवार देर रात पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी 28 वर्षीय चंद्रेश पुत्र संजय सिंह रेस्टोरेंट का व्यवसाय करता था। मृतक के चचेरे भाई क्रिष चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात चंद्रेश शराब के नशे में घर लौटा था। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह कमरे में चला गया और कथित तौर पर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल उसे फंदे से उतारकर उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि मृतक अपने पीछे डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गया है। यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो भरोसेमंद परिजनों या मित्रों से बात करना और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर सहयोग मिलना जीवन बचा सकता है।






