
हाथरस 22 जुलाई। हाथरस गेट क्षेत्र में एसी ठीक करने पहुंचे लायड सर्विस सेंटर के दो भाइयों के साथ कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर थाना हाथरस गेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विद्यानगर निवासी जय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह लायड सर्विस सेंटर में कार्यरत है। 20 जुलाई की रात करीब 9 बजे कंपनी की ओर से मधूगढ़ी फाटक स्थित बंगाली डॉक्टर वाली गली निवासी बल्लू कुरेशी की शिकायत पर वह अपने भाई विपिन कुमार के साथ एसी ठीक करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद बल्लू कुरेशी और उसके भाई बसीम कुरेशी ने एसी की शिकायत को लेकर आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दोनों भाइयों ने समझाया कि वे कंपनी के निर्देश पर आए हैं और समस्या का समाधान न होने पर शिकायत कंपनी को भेज दी जाएगी, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को बचाया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया तथा आरोपियों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना में दोनों भाइयों को चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






