सिकंदराराऊ 18 अप्रैल । कस्बे में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बिजली के भारी-भरकम और चालू ट्रांसफार्मरों को भी निशाना बनाने से नहीं कतरा रहे हैं। शनिवार की बीती रात जलेसर-सिकंद्राराऊ मार्ग स्थित रामनगर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 250 केवीए के ट्रांसफार्मर से कीमती सामान पार कर दिया। हैरत की बात यह है कि यह ट्रांसफार्मर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से जुड़ा हुआ था, लेकिन चोरों ने जान जोखिम में डालकर पहले लाइन को अलग किया और फिर इत्मीनान से ट्रांसफार्मर खोलकर उसके अंदर लगी कॉपर बाइंडिंग, तेल और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। मौके पर केवल ट्रांसफार्मर का लोहे का खाली ढांचा ही शेष बचा मिला।
घटना का पता रविवार सुबह तब चला जब रामनगर कॉलोनी के दर्जनों घरों की बत्ती गुल रही और स्थानीय लोगों ने बिजलीघर जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने जब मौके का मुआयना किया, तो वहां के हालात देखकर दंग रह गए। ट्रांसफार्मर के तार कटे हुए थे और पूरा सामान गायब था। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ शुभम सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी गई है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए विभाग ने तत्काल इमरजेंसी ट्रांसफार्मर लगवाकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी है। वहीं, घनी आबादी वाली कॉलोनी के बीच हुई इस दुस्साहसिक चोरी से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर दहशत और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।























